जल्द कांग्रेस सीएम के चेहरे का करेंगी ऐलान
चंडीगढ़ः पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर जहां सभी पार्टियों की नजर सत्ता में आने के लिए टिकी हुई है। वहीं कांग्रेस में अभी भी पार्टी के नेता नाराज चल रहे है और हाईकमान मामले को सुलझाने में लगी हुई है। दरअसल, हाल ही में हाईकमान की ओर से नई नियुक्तियां जारी की गई थी। जिसको लेकर जालंधर से सासंद चरणजीत सिंह नाराज दिखाई दिए। मोरिंडा में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने घर पर कांग्रेस नेताओं की एक बैठक बुलाई। जिसके बाद जल्द हाईकमान से मामले को लेकर मुलाकात करने का फैसला लिया। वहीं सासंद चन्नी के घर हुई बैठक को लेकर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का पहला बयान सामने आया है।
वड़िंग ने कहा कि चन्नी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके घर नेताओं का इकट्ठा होना कोई चिंता की बात नहीं है। हालांकि वडिंग ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में ना तो कोई लड़ाई है और ना ही कोई गुटबंदी है। राजा वड़िंग ने कहा कि हर नेता को अपने विचार व्यक्त करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी को भी पार्टी की सीमाएं पार करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वड़िंग ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी किसी भी समय कांग्रेस हाईकमान से मिल सकते हैं और इसमें कोई गलत बात नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ नेता उनके लिए सम्माननीय हैं और वे उन्हें अपना सिर का ताज मानते हैं।
पार्टी में मतभेदों की चर्चाओं को खारिज करते हुए वड़िंग ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के सभी नेता एक साथ नजर आएंगे। उन्होंने दावा किया कि वे एक ही मंच और एक ही गाड़ी में साथ दिखाई देंगे, जिससे पार्टी की एकता का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ बोलने वाले पार्टी में ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभी बड़े नेता मेरे सिर का ताज हैं। आने वाले दिनों में हम साथ दिखेंगे। 27 तारीख के लिए कांग्रेस के सीएम चेहरे को लेकर भी राजा वड़िंग ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं सीएम की रेस में नहीं हूं, राहुल गांधी जिसको भी सीएम का चेहरा बनाएंगे, मैं उसके साथ खड़ा रहूंगा। फिलहाल राजा वड़िंग ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस में सब कुछ ठीक है और पार्टी के सारे नेता एकजुट हैं। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में पार्टी की यह एकता जमीनी स्तर पर कितनी दिखती है।


