पुलिस की कार्रगुजारी पर उठने लगे सवाल, लोग परेशान
जालंधर, ENS: शहर में चोरों का आतंक एक बार फिर से बढ़ने लगा है। शहर में लगातार वाहन चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हो गए है। शहर में बढ़ रही वारदातों से पुलिस प्रशासन की कार्रगुजारी पर सवाल खड़े होने लगे है। दरअसल, 3 अलग-अलग जगहों पर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आई है। जिसमें एक घटना प्रसिद्ध श्री देवी तालाब मंदिर के बाहर वाहन चोरी है, दूसरी घटना फुटबॉल चौक स्थित जीएस होंडा शोरूम के बाहर वाहन चोरी हुआ है। वहीं तीसरी घटना फोक्ल प्वाइंट के पास की है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पहली वारदात फोक्ल प्वाइंट एरिया के पास की है। जहां सरेआम व्यक्ति बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि उसकी पीबी 08 सीटी 9288 बाइक पार्किंग में खड़ी थी। इस दौरान बिना मुंह ढके 2 व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आए और उसमें एक व्यक्ति उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों वाहन चालकों के चेहरे भी साफ दिखाई दे रहे है। देखा जा सकता हैकि चोर पहले रास्ते में बाइक खड़ी करने उसे देखने लगते है, ताकि किसी को शक ना हो और राहगीरों को लगे कि नौजवानों की बाइक खराब हो गई है। जिसके बाद दूसरा व्यक्ति पार्किंग में खड़ी बाइक को मास्टर चाबी लगाता है और बाइक चुराने के बाद दोनों घटना स्थल से फरार हो जाते है।
दूसरी वारदात धार्मिक स्थल श्री देवी तालाब मंदिर के बाहर की है। वहीं वाहन मालिक अजीत नगर निवासी ने बताया कि वह मंदिर में माथा टेकने आया था। इस दौरान उसने अपनी मोटरसाइकिल मंदिर के बाहर पार्क की थी। माथा टेकने के बाद जब वह वापस लौटा, तो बाइक अपनी जगह पर नहीं थी। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी जब गाड़ी का सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने की गुहार लगाई।
सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि पीली टी-शर्ट और सिर पर परना पहने एक सिख नौजवान ने बड़ी चालाकी से मोटरसाइकिल चुराई और फरार हो गया। पवित्र धार्मिक स्थल के बाहर से दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों की सुरक्षा को चिंता में डाल दिया है।
वहीं दूसरी घटना शहर के व्यस्त क्षेत्र फुटबॉल चौक के पास स्थित जीएस होंडा शोरूम के बाहर हुई। पीड़ित व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल शोरूम के बाहर पार्क की थी। कुछ ही देर में एक अज्ञात नौजवान वहां पहुंचा और बड़ी ही आसानी से बाइक का लॉक तोड़कर रफूचक्कर हो गया। वारदात की फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर ने चेहरे पर कोई मास्क भी नहीं लगाया था। दोनों ही घटनाओं के संबंध में पीड़ितों ने तुरंत संबंधित पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, पीड़ितों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में चोरों के चेहरे साफ दिखाई देने के बावजूद पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है और अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

