जालंधर, ENS: भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया और भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान, खेल के प्रति समर्पण और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से विश्व क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले हरभजन सिंह का खेल जीवन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। किस तरह से उत्तराखंड के युवाओं को खेलों से जोड़ा जाए और पहाड़ के दूर-दराज के क्षेत्रों से नई खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक लाया जाए, इस पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हरभजन सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए और प्रदेश में खेलों के विकास के लिए अपने सुझाव दिए।
