जालंधर, ENS: बर्लटन पार्क स्थित सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार आगाज करते हुए बांग्लादेश को 13-0 से हराया। भारत के पहले मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोलों की झड़ी लगा दी। भारतीय टीम की इस शानदार जीत से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा। खिलाड़ियों के शानदार तालमेल और लगातार हमलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। भारतीय टीम की ओर से मनदीप सिंह और हार्दिक ने 3-3 गोल दागकर अहम भूमिका निभाई। वहीं हरमनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने दो-दो गोल किए।
अन्य खिलाड़ियों ने भी गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। भारत की एकतरफा जीत के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। भारत की इस शानदार जीत के बाद अब सभी की नजरें टीम के अगले मुकाबले पर हैं, जिसमें भारतीय टीम का सामना चीन से होगा। भारतीय खिलाड़ियों का लक्ष्य जीत की इस लय को बरकरार रखते हुए टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखना होगा। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ी मनदीप सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और घरेलू मैदान पर खेलने को लेकर अपनी भावनाएं साझा कीं। भारतीय टीम के मिडफील्डर नीलाकांता शर्मा ने मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ अपने रिटायरमेंट की घोषणा की।
मैच के बाद भारतीय हॉकी टीम के साथी खिलाड़ियों ने उन्हें उठाकर हवा में उछाल कर उनके इस डिसीजन को सेलिब्रेट किया। नीलाकांता शर्मा ने 161 इंटरनेशनल मैचों में 20 गोल किए है। 31 वर्षीय हॉकी स्टार नीलकांता शर्मा टोक्यो ओलंपिक में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि का हिस्सा रहे थे। मणिपुर के रहने वाले नीलकांता ने जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के पहले मुकाबले में अपना 163वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जिसमें नीलकांता ने भी एक गोल किया। यह अंतरराष्ट्रीय हॉकी में उनका 20वां गोल था। उन्होंने 2015 में जूनियर एशिया कप जीतने के बाद 2016 में लखनऊ में हुए एफआईएच पुरुष जूनियर विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। 2017 में बेल्जियम के खिलाफ मुकाबले से सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया।
