जालंधरः पंजाब के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि पंजाब पहली बार प्रतिष्ठित एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहा है। इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण 1 नवंबर (पंजाब डे) को होने वाला भारत और पाकिस्तान का रोमांचक मैच होगा।
मुख्यमंत्री ने खेल विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि इस बड़े इवेंट के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। टूर्नामेंट का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच करवाने की तैयारी चल रही है। इसका विस्तृत शेड्यूल जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के सभी अहम मुकाबले जालंधर और मोहाली के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियमों में खेले जाएंगे। सीएम भगवंत मान ने इस शानदार आयोजन के लिए खेल विभाग और आयोजकों को राज्य सरकार की तरफ से पूर्ण सहयोग और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
