मोहालीः जीरकपुर के बलटाना स्थित वैशाली फेस-2 में देर रात एक उत्तराखंड निवासी परिवार के घर पर हथियारबंद लोगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
उतराखंड से संबंधी पीड़ित परिवार के अनुसार, रात करीब 11 बजे कुछ लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर के बाहर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर के मुख्य दरवाजे, खिड़कियों और शीशों पर तेजधार हथियारों से वार किए, जिससे घर को काफी नुकसान पहुंचा। परिवार का आरोप है कि हमला करने वाले लोग उनके पड़ोस में रहने वाले 4 भाई थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें माता-पिता भी शामिल थे, मौके पर मौजूद थे। हमले के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे उन्हें निराशा हुई। बाद में स्थानीय लोगों के साथ थाने जाकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
