कहा- बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अच्छा संस्कार मिलना जरूरी
जालंधर: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता आज जालंधर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान एक निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर लोगों ने राज्यपाल को गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
राज्यपाल कविंदर गुप्ता निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि आज के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और देश तथा समाज के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने छात्रों की उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी भागीदारी को सराहनीय बताया।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ ऐसे संस्कार और अवसर मिलें, जिनसे वे राष्ट्र निर्माण में मजबूत योगदान दे सकें। विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए उन्होंने उन्हें अपनी प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। राज्यपाल के जालंधर पहुंचने पर लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।