पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो हम जिमखाना क्लब बंद करवाने की करेंगे कोशिशः हरजिंदर सिंह
अमृतसरः जालंधर जिमखाना क्लब में कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। विभिन्न सिख संगठनों के नेताओं ने मामले पर बात करने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे। उन्होंने कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा।
संगठनों ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान गुरबानी की पंक्तियों को गलत तरीके से पेश किया और सतनाम वाहेगुरु का जाप करते समय डांस परफॉर्मेंस की गई। पत्रकारों से बात करते हरजिंदर सिंह जिंदा ने कहा कि विभिन्न सिख संगठनों के नेता इस मामले पर अपना विरोध जताने के लिए अकाल तख्त साहिब पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिमखाना क्लब में कार्यक्रम के दौरान गायक अंगद तलवार ने गुरबाणी की पंक्तियों में अपनी लाइनें जोड़कर प्रस्तुति दी और सिमरन सत्र के दौरान महिलाओं और युवाओं से डांस करवाया गया। जिंदा ने बताया कि घटना के अगले ही दिन पुलिस को औपचारिक शिकायत दी गई थी और प्रशासन के साथ लगातार बैठकें हो रही हैं। अगर पुलिस एक-दो दिन में उचित कार्रवाई नहीं करती है, तो संगठन अपनी आगे की कार्रवाई की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिमखाना क्लब को बंद करवाने की कोशिश की जाएगी।
इस बीच सुखविंदर सिंह राजपाल ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में गुरबाणी की पंक्तियों को गलत तरीके से पेश किया और सतनाम वाहेगुरु का जाप करते समय डांस किया गया। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में प्रशासन और राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी के बावजूद किसी ने इसे रोकने के लिए दखल नहीं दिया। उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।