शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने युवाओं से नशीले पदार्थों और शराब जैसी बुराईयों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल स्वस्थ और जिम्मेदार युवा ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने में उल्लेखनीय भूमिका निभा सकते हैं। राज्यपाल ने आज नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में कशियाना फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘नशामुक्त भारत एवं राष्ट्रीय नशामुक्ति सम्मान-2026’ कार्यक्रम को संबोधित किया।

युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने इसके हानिकारक प्रभावों के बारे में युवाओं को जागरूक करने और समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि प्राचीन समय में मजबूत पारिवारिक व्यवस्था ने मूल्यों और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन समय के साथ यह आधार कमजोर होता गया। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को बाल्यकाल से ही मजबूत पारिवारिक संस्कार और मूल्य प्रदान करने चाहिए तभी हम नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने नशामुक्ति के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए कशियाना फाउंडेशन की सराहना की और संस्था को उसके भविष्य की योजनाओं के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सामाजिक सरोकारों, विशेषकर नशामुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों और व्यक्तियों को राष्ट्रीय नशामुक्ति सम्मान-2026 प्रदान किए।