ऊना,सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदला में लंबे समय तक कला अध्यापक के रूप में सेवाएं देने वाले अवतार सिंह सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर स्कूल परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय ह्यूमन राइट युवा बिंग के प्रदेश के चेयरमैन एवं भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारणी सदस्य अजय ठाकुर एवं उनकी बहन एवं पंचायत सुगड़ियाल की प्रधान निर्मला देवी ने शिरकत करके सेवानिवृत्त कल अध्यापक अवतार सिंह को सम्मानित भी किया।
वही स्कूल स्टाफ, पूर्व सहकर्मियों, गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। अवतार सिंह ने जून 2001 में जिला चंबा में कला अध्यापक के पद पर अपनी सरकारी सेवा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने हरोट स्कूल में करीब डेढ़ वर्ष तक सेवाएं प्रदान कीं। जून 2016 से उन्होंने लगातार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदला में कला अध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। विशेष बात यह रही कि जिस विद्यालय से उन्होंने अपनी दसवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी की थी, उसी विद्यालय से उन्हें सेवानिवृत्त होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अवतार सिंह ने विद्यार्थियों में कला के प्रति रुचि पैदा करने के साथ-साथ विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अपने सरल व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण से विद्यालय परिवार में विशेष पहचान बनाई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कला अध्यापक अवतार सिंह ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों का सहयोग एवं स्नेह देने के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह में प्रिंसिपल किशोरी लाल, उत्तम सिंह, प्यारे लाल शर्मा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, डॉ. तरसेम, राकेश कुमार, अंजना सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने अवतार सिंह को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।