पंचकूलाः शहर के सेक्टर-23 स्थित एनआईएफटी कॉलेज और गर्ल्स हॉस्टल के बीच खाली पड़े क्षेत्र में एक विशाल अजगर निकलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अजगर निकलने का जैसे ही लोगों को पता चला वैसे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पाकर डायल-112 पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसी दौरान सूझबूझ और सावधानी से अजगर को काबू में कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
लोगों ने सोशल मीडिया पर किया शेयर वीडियो
अजगर के रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा किया जा रहा है।
