गाड़ी को ईंटों पर छोड़ हुए फरार, दादा के अंतिम संस्कार में गया था पूरा परिवार
लुधियानाः जिले के सबसे सुरक्षित और पॉश इलाकों में गिने जाने वाले राख बाग के पास क्लब रोड पर चोरों ने हैरान कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोरों ने एक घर के बाहर खड़ी महंगी फॉर्च्यूनर एसयूवी के चारों टायर चोरी कर लिए। टायर निकालने के बाद उन्होंने गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ा कर दिया और आराम से मौके से फरार हो गए। सुबह जब लोगों ने यह नजारा देखा तो सभी हैरान रह गए।
View this post on Instagram
दादा के अंतिम संस्कार में गया था पूरा परिवार
पीड़ित कौशलदीप सिंह सेखों ने बताया कि एक दिन पहले उनके दादा जी का निधन हो गया था। परिवार के सभी सदस्य अंतिम संस्कार के लिए अबोहर गए हुए थे। इस वजह से लुधियाना स्थित उनका घर पूरी तरह खाली था और बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर पर किसी की नजर नहीं थी।
अखबार वाले ने दी चोरी की जानकारी
सुबह रोज की तरह अखबार बांटने वाला हॉकर घर के बाहर पहुंचा। उसने देखा कि फॉर्च्यूनर गाड़ी बिना टायरों के ईंटों पर खड़ी है। यह देखकर वह तुरंत घर में काम करने वाली मेड के पास गया और उसे पूरी बात बताई। मेड ने तुरंत कौशलदीप सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। दादा जी के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच चोरी की खबर सुनकर पूरे परिवार के होश उड़ गए।
कई सालों से वहीं खड़ी होती थी गाड़ी
कौशलदीप सिंह के भाई ने बताया कि उनका परिवार सरकारी कॉन्ट्रैक्टर है और शहर में स्ट्रीट लाइट समेत कई सरकारी प्रोजेक्ट्स पर काम करता है। उन्होंने बताया कि यह फॉर्च्यूनर कई वर्षों से घर के बाहर उसी जगह पर पार्क की जाती थी। इलाके में पहले कभी इस तरह की चोरी की घटना नहीं हुई थी।
इस गिरोह पर जताया शक
परिवार का कहना है कि जिस तरीके से चोरों ने भारी-भरकम फॉर्च्यूनर को जैक से उठाया, ईंटों पर खड़ा किया और चारों टायर निकाल लिए, उससे साफ लगता है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम है। इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने में काफी समय लगा होगा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने अपने एक कर्मचारी को मौके पर भेजा और पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जाएगी। पॉश इलाके में हुई इस चोरी ने इलाके के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
