जालंधरः फिल्लौर के नजदीकी गांव महो साहिब में संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने आशंका जताई कि युवक की नशे से जान गई है। मृतक की पहचान हरविंदर कुमार उर्फ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा जांच शुरू कर की है
मृतक की बहन पूजा ने बताया कि 3-4 लोग फोन करके उसके भाई को अपने साथ ले जाने की बात कहकर घर से ले गए थे। परिवार को यह पता नहीं था कि वे लोग कौन थे। उन्हें पता चला कि भाई इलाके के स्कूल की ग्राउंड पड़ा हुआ है और मुंह से झाग निकल रही थी। वह मौके पर पहुंचे तो भाई की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे नेता राजिंदर संधू ने बताया कि हरविंदर कुमार तीन बहनों का इकलौता भाई था और उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गलत संगत में पड़े चार लोग हरविंदर को अपने साथ ले गए थे। मृतक के मुंह से झाग निकल रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसे कोई नशीला या जहरीला पदार्थ दिया गया हो। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
थाना बिलगा से मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी दिलबाग सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयानों के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किस तरह हुई, यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
