दुर्गः महिला द्वारा घर में घुसकर कॉस्टेबल की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है, जबकि 2 बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने सो रहे बच्चे पर चाकू से 14 वार किए। घटना के बाद पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतिका का नाम रीना यादव है। उनके पति ललितेश यादव एसटीएफ में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे। पड़ोसियों के अनुसार चर्चा है कि आरक्षक और आरोपी महिला ने शादी कर ली थी। फेसबुक के माध्यम से दोनों के बीच में संपर्क हुआ था। आरक्षक ने ही महिला को दुर्ग में घर लेकर रखवाया था। सुबह 6:30 बजे महिला सामान लेकर आरक्षक के घर पहुंची थी। इसके बाद सुबह 8:00 बजे तक यह पूरी वारदात हुई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) एक दिन पहले भी घर पहुंची थी। उस समय आरक्षक ललितेश यादव ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। आरोपी महिला जांजगीर की रहने वाली बताई जा रही है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान मां ने आरोपी महिला का पैर पकड़ा और बेटियों को भगाने के लिए कहा। एक बेटी तानिया (11) किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई। सूचना मिलने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी।
सीएसपी भिलाई, सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि इलाज के दौरान रीना यादव और बेटे आदित्य यादव की मौत हो गई। आसपास के लोगों की शिकायत पर हत्या और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
