नई दिल्लीः मैगी बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया फिर चर्चा में आ गई है। दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मैगी के पैकेट में कथित तौर पर कीड़े या लार्वा मिलने की शिकायत पर कंपनी को नोटिस जारी किया है। FSSAI ने Nestlé, Flipkart Minutes और KFC Outlet नोटिस जारी किए हैं। इस खबर के बाद नेस्ले इंडिया के निवेशकों में चिंता बढ़ गई और नेस्ले इंडिया का शेयर इंट्राडे कारोबार के दौरान करीब 3.2% टूटकर 1,376 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। दरअसल, सोशल मीडिया पर मैगी के पैकेट के अंदर कथित तौर पर कीडे़ और इंसेक्ट्स मिलने का वीडियो वायरल हो रहा था।
इस वीडियो के सामने आने के बाद FSSAI ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए नेस्ले इंडिया को नोटिस थमा दिया है। रेगुलेटर ने कंपनी से एक विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी है। इसमें वेंडर की जानकारी, प्रभावित बैच के इंटरनल क्वालिटी-चेक लॉग्स और सप्लाई चेन से इस खराब स्टॉक को हटाने के लिए उठाए गए कदमों का ब्यौरा मांगा गया है।
वहीं, आंध्र प्रदेश के एलुरु में स्थित एमवीआर मॉल के एक KFC आउटलेट पर गंदी परिस्थितियों में काम करने के आरोप लगे हैं। FSSAI ने इस आउटलेट को नोटिस जारी कर हाइजीन, सैनिटाइजेशन, फूड हैंडलिंग, वेस्ट मैनेजमेंट और कर्मचारियों की व्यक्तिगत सफाई से जुड़ी कमियों पर जवाब मांगा है। केंटकी फ्राइड चिकन (KFC) के ऑपरेटर देवयानी इंटरनेशनल ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि वे इन आरोपों की आंतरिक जांच करेंगे और FSSAI के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
इसके साथ ही तीसरा मामला फ्लिपकार्ट मिनट्स (Flipkart Minutes) के जरिए डिलीवर किए गए ओपन सीक्रेट ब्रांड के अन-जंकड डेट्स से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने शिकायत की थी कि इस पैकेट के अंदर कीड़े मौजूद थे। रेगुलेटर ने अब कंपनी से इसके इंटरनल क्वालिटी-कंट्रोल रिकॉर्ड्स और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की पूरी रिपोर्ट मांगी है।
