चंडीगढ़ः संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान सेक्टर-34 के रैली ग्राउंड में एकत्र हुए। इसके बाद किसान बसों में सवार होकर सेक्टर-17 स्थित मटका चौक की ओर रवाना हुए, जहां वे प्रदर्शन के तहत चक्कर लगाएंगे। मामले की जानकारी देते हुए किसान नेता उगराहां ने कहाकि वह मटका चौक पर जाएंगे। जिसके बाद सभी किसान वापस सेक्टर-34 के रैली ग्राउंड में पहुंचेंगे। इसके बाद 3 बजे तक संयुक्त किसान मोर्चा के नेता किसानों को संबोधित करेंगे और अपनी अगली रणनीतियों की घोषणा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ प्रदर्शन किए जाने को लेकर बातचीत हुई है, लेकिन मसले को हल करके के लिए केंद्र सरकार से अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। किसानों के मार्च को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रैली के रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और यातायात को सुचारू रूप से चलाया जा सके। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर खुद मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। पुलिस द्वारा ट्रैफिक को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि आम लोगों को कम से कम दिक्कत का सामना करना पड़े।
दरअसल, संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता भारतीय कृषि, डेयरी और छोटे उद्योगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। किसानों का आरोप है कि इसके लागू होने से सस्ते विदेशी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे किसानों की आमदनी पर असर पड़ेगा। इसके साथ ही किसान पंजाब सरकार की नई भूमि पूलिंग नीति का भी विरोध करेंगे। उनका कहना है कि यह नीति किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे कृषि भूमि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक जाम और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। जिन लोगों को इस समय के दौरान इन इलाकों से गुजरना है, वे अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर करें।

