केजरीवाल बोले- अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी के नाम पर बनाया जाएगा एक भव्य मंदिर
अमृतसरः आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अमृतसर में एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की, जिसमें कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं और मौजूदा मुद्दों पर अपना पक्ष रखा गया। सबसे पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज एक बहुत ही खास घोषणा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी के नाम पर एक भव्य मंदिर बनाया जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि मान्यता है कि लव-कुश का जन्म इसी धरती पर हुआ था और अमृतसर हर धर्म के लिए एक बहुत ही पवित्र स्थान है। इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 29 जून को श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सिख विधायकों और पंजाब कैबिनेट को बुलाए जाने के मुद्दे पर कहा कि पंजाब विधानसभा के स्पीकर सहित सभी विधायक कल श्री अकाल तख्त साहिब में पेश होंगे और अपना पक्ष रखेंगे।
उन्होंने कहा कि जब उन्हें पहले बुलाया गया था, तब वे राष्ट्रपति के कार्यक्रम को छोड़कर श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे थे और अपना पक्ष रखा था। भगवंत मान ने कहा कि वीडियो मामले में भी वे श्री अकाल तख्त साहिब को अपना लिखित पक्ष सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि वे श्री अकाल तख्त साहिब के सामने झुकने के बारे में सोच भी नहीं सकते।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुखबीर सिंह बादल को ‘तनखैया’ (धार्मिक दंड का पात्र) घोषित किया गया था, तब उस समय बोर्ड क्यों नहीं लगाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले को धार्मिक रंग देकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है, जबकि उनकी सरकार पंजाब की प्रगति के लिए काम कर रही है।
केजरीवाल ने राम मंदिर चोरी मामले का जिक्र करते कहा कि पुलिस ने छोटे लोगों को गिरफ्तार किया है और उन्हें रिमांड पर भी नहीं लिया गया है। उन्होंने मांग की कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि चोरी हुआ पैसा आखिरकार कहां गया।

