नई दिल्लीः डीयू के एक कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर का शव वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मिलने का मामला सामने आया है। पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान देबस्मिता पॉल के रूप में हुई है। देबस्मिता पॉल शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं और पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव में स्थित सत्यम अपार्टमेंट्स के अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं।
जानकारी देते पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 2:35 बजे एक महिला ने फोन पर सूचना दी कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है और शव फ्लैट के अंदर पड़ा हुआ है। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोन करने वाली महिला देवरति पॉल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन देबस्मिता पॉल जो दिल्ली यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर काम करती है, को सुबह से बार-बार फोन कर रही थी, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। देवरति ने पुलिस को बताया कि फ्लैट बाहर से बंद था और किसी अनहोनी की आशंका के चलते उसने ताला तोड़ा और फ्लैट के अंदर गई तो वहां उसकी बहन का शव पड़ा हुआ था।
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। फ्लैट की जांच की गई और सबूत व फॉरेंसिक नमूने एकत्र किए गए। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल पाएगा।
