पालीः जिले के हाईवे पर नेतरा के पास वीरवार देर रात सवारियों से भरी निजी बस को ट्राले द्वारा टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में बस ड्राइवर, कंडक्टर समेत 14 यात्री घायल हो गए। घायलों को सुमेरपुर अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां से गंभीर घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर रात में ही यातायात सुचारू कर दिया था।
जानकारी देते सुमेरपुर सीओ जितेन्द्रसिंह ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर नेतरा पुलिया के पास यात्री बस और ट्राले की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। मौके पर जांच में सामने आया कि मोरबी (गुजरात) से टाइल्स भरकर दिल्ली जा रहा ट्राला हाईवे क्रॉस करते समय रॉग साइड में आ गया। इसी दौरान यह ट्राला जोधपुर की ओर से आ रही बस से टकरा गया, जिससे भीषण हादसा हो गया। टक्कर में बस ड्राइवर और कंडेक्टर को चोटें आईं, जबकि बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सुमेरपुर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर आगे रेफर किया गया।
घटना में गंभीर घायल मोहम्मद तफीम (38) पुत्र मोहम्मद रफीक (निवासी एकलव्य भील बस्ती, प्रताप नगर, जोधपुर), बस ड्राइवर नरेश (45) पुत्र गबरू खान (निवासी खारी, थाना करवड़, जिला जोधपुर) और ट्रेलर ड्राइवर राजेश (42) पुत्र ओमप्रकाश जाटी (निवासी कोटपूतली, जयपुर) को पाली रेफर किया गया, जहां से मोहम्मद तफीम और नरेश को जोधपुर रेफर कर दिया गया, जबकि राजेश का इलाज पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में जारी है। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को साइड करवाकर यातायात को सुचारु करवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
