ग्रेटर नोएडाः ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह हाईवा (डंपर) के चालक ने लोगों की जान को आफत में डाल दिया। आरटीओ के चालान से बचने के लिए उसने करीब एक किलोमीटर तक विपरीत दिशा में हाईवा को दौड़ाया और सड़क पर पत्थर गिरा दिए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई दुर्घटना का शिकार नहीं हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। दादरी कोतवाली पुलिस के मुताबिक एक हाईवा हरियाणा से गिट्टी पत्थर लेकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते दादरी की तरफ आ रहा था।
दादरी कोतवाली क्षेत्र में चक्रसेनपुर गांव के समीप आरटीओ ने ओवरलोड होने की वजह से हाईवा चालक को रुकने का इशारा किया। आरटीओ को देखकर चालक ने हाईवे को नहीं रोका। आरटीओ की टीम ने पीछा किया तो कुछ दूर आगे जाकर चालक ने हाईवा को रोका और वहीं से एक्सप्रेसवे पर वापस मोड़ दिया। इसके बाद आरोपी चालक ने करीब एक किलोमीटर तक विपरीत दिशा में हाईवा को सड़क पर दौड़ाया।
इसी बीच उसने एक्सप्रेसवे पर रास्ते में हाईवा में लदे पत्थर नीचे गिरा दिए, ताकि कोई उसका पीछा न कर सके। इसके बाद आरोपी चालक हाईवा को लेकर मौके से भाग गया। इस दौरान वहां पर जाम लग गया। जाम में फंसे लोग परेशान रहे। हाईवा चालक की हरकत से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर काफी दूर तक पत्थर फैल गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त नहीं हुआ। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की गति थम गई। घटना की सूचना पर तुरंत दादरी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस कर्मियों ने खुद सड़क पर पड़े पत्थरों को हटाना शुरू किया। इसके बाद जेसीबी की मदद से सड़क पर फैले पत्थरों को साइड करवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ। परिवहन विभाग की टीम ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो वायरल हुए। एक्सप्रेसवे पर विपरीत दिशा में दौड़ रहे हाईवा का वीडियो भी सामने आया है। इसके अलावा सड़क पर फैले पत्थरों को हटाते हुए पुलिसकर्मियों को वीडियो भी वायरल हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एसीपी प्रशाली गंगवार ने कहा कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। हाईवा को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
