शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभाग को निर्देश दिए कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभाग की सभी योजनाओं के लिए एक एकीकृत पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके और पात्र लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के अंतर्गत आने वाले 19 से 27 वर्ष की आयु के बच्चों को भी प्रतिमाह 1,000 रुपये पॉकेट मनी प्रदान करने के निर्देश दिए। वर्तमान में इस योजना के तहत विधवा एवं एकल महिलाओं के 18 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों को 1,000 रुपये मासिक पॉकेट मनी दी जा रही है।

सुक्खू ने विभाग को इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के लाभार्थियों और चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के 50-50 मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में एक्सपोजर विजिट पर भेजने की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संसाधनों और समृद्धि का लाभ समाज के वंचित वर्गों को भी मिलना चाहिए तथा उन्हें उनका हक मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।