नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली में केंद्रीय जांच ब्यूरो सीबीआई ने रेड करके फूड एंड सप्लाई विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर विनोद कुमार को रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम ने आरोपी अधिकारी को उसके ही कार्यालय में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। सीबीआई की कार्रवाई के दौरान दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी राशन डिपो संचालक दीपक कुमार से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।
इस मामले को लेकर पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बाद सीबीआई ने पूरे मामले की जांच शुरू की। इसके बाद ट्रैप टीम बनाई गई और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। जैसे ही विनोद कुमार ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं सीबीआई की यह कार्रवाई सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि राशन और जन वितरण प्रणाली से जुड़े विभागों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा असर आम जनता और गरीब परिवारों पर पड़ता है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी का नेटवर्क कितना बड़ा था, क्या अन्य अधिकारी भी इसमें शामिल हैं और पहले भी ऐसे मामलों में अवैध वसूली की गई या नहीं, आरोपी अधिकारी से पूछताछ जारी है।
