चंडीगढ़ः बैंकिंग सेवाओं को लेकर सितंबर के अंतिम सप्ताह में ग्राहकों को लगातार पांच दिन तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बैंक यूनियनों ने पांच दिन के कार्य सप्ताह की मांग और (PLI) योजना वापस लेने समेत अन्य मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
हड़ताल से पहले सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंकों ने अपने ग्राहकों को जरूरी लेन-देन पहले पूरा करने की सलाह दी है। भारतीय स्टेट बैंक और इंडियन बैंक ने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसबीआई के अलावा पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से भी ग्राहक सूचनाएं जारी की हैं।
26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार है, जिस दिन बैंक शाखाएं बंद रहती है। इसके बाद 27 सितंबर को रविवार है। वहीं 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। इस तरह 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक शाखाओं की नियमित सेवाएं प्रभावित रहने की स्थिति बन सकती है।
SBI ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे जरूरी लेन-देन पहले पूरा कर लें और इंटरनेट एवं मोबाइल बैंकिंग, UPI तथा अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करें। तीन दिवसीय हड़ताल 30 सितंबर को होने वाली छमाही खाताबंदी के साथ पड़ रही है। ऐसे में ट्रेजरी ऑपरेशन, चेक क्लियरिंग और कॉरपोरेट लेन-देन जैसी सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
हालांकि बैंक अधिकारियों के अनुसार इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग एप और UPI सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है। ग्राहक डिजिटल माध्यमों से कई नियमित बैंकिंग कार्य कर सकेंगे।