ऊना सुशील पंडित : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से आज सोमवार को शिव मंदिर अरनियाला में राज्य कार्य योजना 2026-27 के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा संबंधी विभिन्न प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा। इस जागरूकता शिविर की अध्यक्षता जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ क्षेत्र के किशोर एवं किशोरियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर पीढ़ियों के बीच आपसी संवाद और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी जतिंदर कुमार, राजेश रैणा तथा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नरेश सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अनुभवों के महत्व तथा समाज में उनकी गरिमापूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने गीत, कविता एवं प्रेरणादायक वक्तव्य प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर किया। वहीं, किशोर-किशोरियों के लिए भी विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर के समापन अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सामाजिक सहभागिता और पीढ़ियों के बीच आपसी सहयोग का सकारात्मक संदेश दिया तथा सभी प्रतिभागियों ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

