ऊना : जिला ऊना में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सट्टा, अवैध शराब, मारपीट, धमकी और कुत्ते के हमले सहित विभिन्न मामलों में पांच एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1.मैहतपुर में सट्टा लगाते आरोपी गिरफ्तार
पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भटोली स्थित सरकारी स्कूल के पास छापेमारी कर पुनीत शर्मा निवासी भटोली के कब्जे से 1,030 रुपये की नकदी और सट्टा पर्चियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
2.अंब में सात बोतल देसी शराब बरामद
पुलिस थाना अंब की टीम ने टकारला मोड़ के पास गश्त के दौरान एक पैदल व्यक्ति वशीर मोहम्मद निवासी वैरिया के कब्जे से बिना लाइसेंस सात बोतल देसी शराब (वीआरवी संतरा) बरामद की। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नलके पर पानी भर रही महिला से मारपीट का आरोप
3.अंब थाना क्षेत्र के जंदोह रक्कड़ गांव की नीलम देवी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि पानी भरने के दौरान 14 लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
4.कुत्ता छोड़कर हमला करवाने का आरोप
टाहलीवाल थाना क्षेत्र के बीटन गांव निवासी जगदेव चंद ने शिकायत में आरोप लगाया है कि सरकारी भूमि विवाद की रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने अपने पालतू कुत्ते को उसकी ओर छोड़ दिया, जिससे कुत्ते ने उसकी टांग पर काट लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5.पेट्रोल पंप पर युवक से मारपीट
टाहलीवाल थाना क्षेत्र में नंगल खुर्द स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा शिव कुमार निवासी ऊना का रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


