मुरैनाः जौरा रोड बैरियर चौराहे के पास तेज रफ्तार यात्री बस द्वारा सड़क पार कर रही 40 वर्षीय महिला को कुचलने का मामला सामने आया है। हादसे में महिला बस के टायर में फंस गई और चालक ने बस रोकने के बजाय उसे करीब 30 फीट तक घसीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। वहीं सिविल लाइन पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, सोमवार सुबह सवा 10 बजे जौरा से मुरैना की ओर आ रही यात्री बस के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क पार कर रही कमला बघेल (40) निवासी बरी पुरा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कमला बस के नीचे फंस गई, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे कई फीट घसीटते हुए ले गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और बस के नीचे फंसे शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने मृतका के परिजन को घटना की सूचना दे दी है।
हादसे के वक्त मृतका के साथ मौजूद उनकी साथी महिला सुनीता इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी हैं। सुनीता के अनुसार, “सड़क क्रॉस कर रहे थे कि एक दम तेजी के साथ बस आई और कमला के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। वह और अन्य लोग चिल्लाए तब भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे घिसटती चली गई।” उन्होंने बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
