जालंधर, ENS: सिल्वर प्लाजा के पास न्यू गोबिंद नगर में देर रात भारी हंगामा देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर आए 3 हमलावरों द्वारा घर और बुटीक के दुकान पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। घटना को अंजाम देकर भाग रहे नौजवानों में से एक को लोगों ने काबू कर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। काबू किए गए नौजवान की पहचान निखिल के रूप में हुई है। लोगों ने घटना की सूचना थाना 8 की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस निखिल नामक युवक को काबू करके उसका मेडिकल करवाने सिविल अस्पताल ले गई।
पुलिस को दी शिकायत में रविंदर जीत कौर पत्नी नरिंदर सिंह निवासी न्यू गोबिंद नगर ने कहा कि वह घर के साथ ही बुटीक चलाती है। उन्होंने कहा कि देर रात बाइक सवार 3 युवकों ने उनके घर के गेट और बुटीक के शटर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। उसके बेटे को ललकारा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि जैसे वह सब लोग बाहर निकले तो हमलावरों ने भागने की कोशिश की जबकि कुछ दूरी पर सड़क पर पड़ी ईंटों से टकरा कर वह गिर गए।
इस दौरान लोगों ने निखिल को काबू कर लिया और उसकी जमकर छित्तर परेड की गई। बताया जा रहा है कि लोगों ने निखिल के कब्जे से एक तेजधार हथियार भी बरामद किया गया। वहीं पुलिस ने बताया कि निखिल का झगड़ा हुआ था। इसी मामले को लेकर समझौता भी हुआ था। जिसके बाद निखिल और नौजवानों द्वारा बाइक तोड़ी गई और दातर से शटर पर हमला किया गया। इस मामले में निखिल को काबू कर लिया गया। पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
