लुधियानाः शहर में शातिर चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस प्रशासन और कानून का कोई खौफ नहीं दिख रहा है। ताजा मामला महानगर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक पार्क प्लाजा होटल से सामने आया है जहां, प्रशासनिक दफ्तरों के नजदीक से एक शातिर चोर दिनदहाड़े एक्टिवा लेकर फरार हो गया। वारदात के समय सड़क पर भारी ट्रैफिक और लोगों की आवाजाही थी लेकिन चोर ने बड़ी ही सफाई से इस घटना को अंजाम दिया।
जानकारी देते पीड़ित युवक ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी काली एक्टिवा को पुल के नीचे पार्क करके अपने काम पर गया था। जब वह काम निपटाकर वापस लौटा तो एक्टिवा वहां से गायब थी। आसपास कई जगह ढूंढने के बाद उसने पास में लगे सीसीटीवी चेक किया तो पता चला कि एक युवक स्कूटी को चुराकर ले गया है। फुटेज में साफ नजर आ रहा है चोर पहले टहलता हुआ एक्टिवा के पास जाता है। इस दौरान वह फोन पर बात करने का बहाना बनाता है ताकि किसी को शक न हो। 2-3 चक्कर काटने के बाद वह एक गाड़ी का सहारा लेकर खड़ा हो जाता है। जैसे ही उसे मौका मिला उसने पलक झपकते ही एक्टिवा का लॉक तोड़ा और उसे स्टार्ट कर रफूचक्कर हो गया।
पीड़ित का दावा है कि सीसीटीवी में दिख रहा युवक वही लग रहा है, जिसने कुछ दिन पहले माता रानी चौक इलाके में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसकी एक्टिवा बरामद की जाए।