अमृतसरः पंजाब में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई मुहिम ‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत पुलिस लगातार आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में हेरोइन, हथियार और एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अमृतसर ग्रामीण के थाना लोपोके क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने 2 किलो 290 ग्राम हेरोइन और एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया। बताया जा रहा है कि ड्रोन के जरिए सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की कोशिश की जा रही थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्रोन के नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय तस्करों की पहचान करने के लिए एजेंसियां गहन जांच में जुटी हैं।
इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 ग्लॉक पिस्तौल बरामद की हैं। यह हथियार अवैध रूप से रखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इन्हें किसी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल किया जाना था। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
