लुधियानाः जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला देर रात सामने आया जिसमें मोटरसाइकिल सवार तीन दोस्त एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान पंकज कुमार (28) के रूप में हुई है जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और पिछले 10 वर्षों से लुधियाना में रह रहा था। पंकज अपने दो साथियों, विनोद और जय प्रकाश के साथ एक रोलिंग मिल में काम करता था।
परिजनों के मुताबिक तीनों दोस्त काम के सिलसिले में बाहर गए थे और जब वे वापस लौट रहे थे तभी रास्ते में उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। मृतक के भाई दीपक कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक पंकज की स्थिति काफी नाजुक हो चुकी थी। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर सवार अन्य दो साथियों में से जय प्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है,जिन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI (चंडीगढ़) रेफर किया गया है। विनोद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पंकज अभी अविवाहित था और अपने परिवार का सहारा था। उसके भाई दीपक ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। परिजनों की मांग है कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान हो सके। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
