ऊना /सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में वाणिज्य संकाय के बीकाम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा बीकाम तृतीय वर्ष के छात्रों के सम्मान में एक अत्यंत भव्य, भावनात्मक और प्रेरणादायक फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीत-संगीत, नृत्य और रचनात्मक गतिविधियां सभी के आकर्षण का केंद्र रहीं।
समारोह का सबसे यादगार क्षण तब आया जब बीकाम तृतीय वर्ष की नंदिता को मिस फरेवेल” तथा विशाल को “”मिस्टर फरेवेल के सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। इस पावन अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अपना अमूल्य आशीर्वाद प्रदान किया और प्रेरक शब्दों में कहा कि परिश्रम, अनुशासन, ईमानदारी और आत्मविश्वास ही सफलता की सच्ची कुंजी हैं। शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल और संस्कारयुक्त भविष्य की हार्दिक कामना करते हुए उन्हें जीवन के हर पड़ाव पर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
तृतीय वर्ष के छात्रों ने भी अपने कॉलेज जीवन की सुनहरी यादें साझा कीं और शिक्षकों व साथियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं, मुस्कुराहटों और भावुक विदाई के साथ हुआ। यह फेयरवेल समारोह केवल विदाई नहीं, बल्कि आशीर्वाद, प्रेरणा और आत्मविश्वास से भरे नए सफर की शुभ शुरुआत बनकर सभी के दिलों में अमिट छाप छोड़ गया।