अंतिम तिथि 23 दिसंबर 2026 निर्धारित
चंडीगढ़: हरियाणा के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग तथा हरियाणा अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (हरेडा) द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (एसएलईसीए-2026) प्रदान किए जाएंगे।
इस संबंध में विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में ऊर्जा दक्षता और सतत ऊर्जा उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पुरस्कार विभिन्न निर्धारित श्रेणियों में दिए जाएंगे, जिनमें अधिकतम 2 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि का प्रावधान है।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस पुरस्कार के लिए एमएसएमई सहित विभिन्न उद्योगों, वाणिज्यिक, सरकारी, संस्थानों तथा ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों आदि के भवनों, नवाचार, नई प्रौद्योगिकी और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) परियोजनाओं, सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा ऑडिटिंग, ग्रीन बिल्डिंग और ईसीबीसी लागू करने वाली फर्मों या एजेंसियों तथा डिस्कॉम्स के सब-स्टेशनों की श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

