मोहाली: जीरकपुर भरतगढ़ के पास भयानक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार रेत से भरा एक बेकाबू ट्रेलर एक स्विफ्ट कार पर पलट गया और हाईवे पर कई गाड़ियां चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में लोगों के मरने की आशंका भी है।
राहगीरों का कहना है कि रेत से भरा ट्रेलर पीछे से तेज़ रफ़्तार से आ रहा था। बेकाबू ट्रेलर ने सड़क पर पांच-छह गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ियां बुरी तरह डैमेज हो गईं। इसके बाद ट्रेलर एक स्विफ्ट कार पर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर के नीचे दबी स्विफ्ट कार दिल्ली नंबर की है, जिसमें ड्राइवर समेत कुछ युवक सवार थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही रोड सेफ्टी फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और ट्रेलर को हटाने और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। इस हादसे मे हाईवे पर लंबा जाम लग गया है।

