चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में पूरे करवाए जाएं ताकि जनता को इनका समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में संबंधित विभागों और विधायकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से विधायकों के साथ घोषणाओं की प्रगति का आकलन किया जा रहा है, ताकि लंबित विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके और उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का समाधान सुनिश्चित हो।

विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित रैलियों के दौरान की जाने वाली घोषणाओं के लिए पहले से ही संबंधित विभागों से इनकी व्यवहारिकता के संबंध में सहमति ले ली जाती है, इसके बावजूद यदि भूमि की अनुपलब्धता सहित अन्य किसी कारण से घोषणा को पूरा करने के लिए क्रियान्वयन संभव नहीं हो पाता तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
बैठक के उपरांत 17 मेजों पर विभागवार गोलमेज चर्चाएं आयोजित की गईं। इस दौरान विधायकों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की वर्तमान स्थिति, क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों और आगामी आवश्यक कार्रवाई पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

