चंडीगढ़: हरियाणा में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक एवं निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 28 नवंबर से 5 दिसंबर, 2026 तक यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल प्रमुख वैश्विककंपनियों, निवेशकों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेगा।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में पहले भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान, सिंगापुर और स्वीडन का दौरा कर चुका है।
मुख्यमंत्री इस दौरान यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज के सेंटर फॉर साइंस एंड पॉलिसी के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड में अध्ययनरत भारतीय विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभवों, विचारों और हरियाणा के विकास में उनकी संभावित भूमिका पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी के प्रतिष्ठित अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान फ्राउनहोफर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में हरियाणा में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।

