मेरठ: मेरठ के आबूलेन बाजार में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गाजियाबाद की एक युवती को बीच सड़क पर गिराकर पीटने और बाल पकड़कर होटल के अंदर ले जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाजार में मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया और आरोपी की पिटाई कर दी। हालांकि, आरोपी भीड़ से बचकर होटल की छत पर चढ़ा और पीछे के रास्ते से कूदकर फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
गाजियाबाद निवासी युवती की मुलाकात करीब दो साल पहले गाजियाबाद के एक मॉल में कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित जैनपुर निवासी सलमान उर्फ सोनू से हुई थी। दोनों ने परतापुर के रिठानी में साझेदारी में एक होटल किराए पर लेकर शुरू किया था, जो बाद में बंद हो गया। इसी बीच युवती की शादी तय हो गई और उसने सलमान से संपर्क तोड़ दिया।
युवती सोमवार को ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहने वाली अपनी सहेली से मिलने मेरठ आई थी। आरोप है कि सहेली के परिचित कृष्णा ने सलमान को युवती के मेरठ आने की सूचना दी। कृष्णा ही कार से युवती, उसकी सहेली और सहेली की भाभी को आबूलेन बाजार स्थित स्क्वायर होटल लेकर पहुंचा, जहां वह मैनेजर के रूप में कार्यरत है। होटल का संचालन गोविंद चौरसिया द्वारा किया जा रहा है।
आरोप है कि होटल में पहले से मौजूद सलमान युवती को एक अलग कमरे में ले गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़िता के मुताबिक, दो बच्चों का पिता सलमान उस पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर उसने रातभर कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की।
मंगलवार दोपहर युवती किसी तरह आरोपी को झांसा देकर होटल से बाहर निकली और आबूलेन बाजार में पहुंच गई। पीछा करते पहुंचे सलमान ने बीच सड़क पर युवती को गिराकर पीटा और बाल पकड़कर वापस होटल के अंदर ले जाने लगा। युवती के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और राहगीर एकत्र हो गए। लोगों ने युवती को छुड़ाया और आरोपी को घेर लिया, लेकिन वह छत के रास्ते भाग निकलने में सफल रहा।
घटना की सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सचिन सिरोही सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और होटल मैनेजर कृष्णा को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक युवती की तहरीर पर मुख्य आरोपी सलमान के खिलाफ बंधक बनाने, मारपीट करने और तेजाब फेंकने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। युवती के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और गाजियाबाद में उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

