लखीसरायः बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह लखीसराय-जमुई मार्ग पर गुणसागर के समीप एक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर होने से पांच लोगों की मौत हो गई तथा चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। उसने बताया कि मृतकों की पहचान कार में सवार राकेश गुप्ता (38), मीना देवी (50), पल्लवी देवी (28), बादल कुमार (10) और कार चालक जाफर आलम के रूप में हुई है।
लखीसराय के अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) प्रभाकर कुमार ने हादसे की पुष्टि करते बताया कि इसके कारणों और इससे जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने बताया कि कार में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र में रामचंद्र ढाका गांव के निवासी थे और देवघर जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर के समीप उनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उसने बताया कि तेतरहाट थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को बुलडोजर की मदद से घटनास्थल से हटवाकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है जिस पर कोयला लदा था। तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने बताया कि कार में सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर जा रहे थे।

