वॉशिंगटनः तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा के उत्तराधिकारी के चयन को लेकर अमेरिका ने भारत के साथ सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिकी कांग्रेस के एक द्विदलीय आयोग ने सिफारिश की है कि इस प्रक्रिया से जुड़ी संभावित परिस्थितियों की तैयारी के लिए भारत सरकार के साथ वरिष्ठ स्तर पर संपर्क चैनल बनाया जाए। आयोग का मानना है कि चीन उत्तराधिकारी के चयन की प्रक्रिया को वैधता की अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में बदलने की कोशिश कर सकता है।
अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग ने अमेरिकी कांग्रेस को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि चीन उत्तराधिकार की प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए दबाव बनाने वाले तरीकों का इस्तेमाल कर सकता है। आयोग ने दलाई लामा के उत्तराधिकारी की पहचान और मान्यता देने के लिए गादेन फोद्रंग ट्रस्ट को एकमात्र वैध प्राधिकरण के रूप में मान्यता देने की नीति अपनाने की भी सिफारिश की है।
रिपोर्ट में कहा है कि अमेरिकी कांग्रेस को ऐसी नीति बनानी चाहिए, जिसके तहत चीन की ओर से चुने या नियुक्त किए दलाई लामा के किसी भी उत्तराधिकारी को अमेरिका मान्यता न दे। इस नीति को लागू करने और उत्तराधिकार की प्रक्रिया के लिए अमेरिकी सरकार की तैयारी सुनिश्चित करने के वास्ते आयोग ने विदेश मंत्री को भारत सरकार के साथ वरिष्ठ स्तर का संपर्क चैनल स्थापित करने का निर्देश देने की सिफारिश की है। इसके तहत चीन के प्रभाव अभियानों से जुड़ी खुफिया जानकारी साझा करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
आयोग ने अमेरिकी विदेश मंत्री से उत्तराधिकार के विभिन्न संभावित परिदृश्यों पर सरकारी विभागों के बीच अभ्यास कराने को भी कहा है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक और रक्षा मंत्री की भागीदारी का सुझाव दिया गया है। आयोग ने अमेरिकी विदेश मंत्री से भारतीय समकक्षों के साथ ट्रैक 1.5 और ट्रैक 2 स्तर की बातचीत तथा संयुक्त अभ्यास आयोजित करने की सिफारिश की है। इसमें उत्तराधिकार के अलग-अलग संभावित परिदृश्यों के राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी प्रभावों पर चर्चा की जाएगी।
रिपोर्ट में अमेरिका से अपने सहयोगी देशों और साझेदारों के साथ मिलकर कूटनीतिक प्रतिक्रिया तैयार करने को भी कहा गया है, ताकि चीन की ओर से चुने किसी उत्तराधिकारी को अंतरराष्ट्रीय वैधता न मिल सके।
इसके अलावा आयोग ने केंद्रीय तिब्बती प्रशासन की साइबर सुरक्षा और सूचना तंत्र को मजबूत करने की सिफारिश की है। इसका उद्देश्य चीन की ओर से साइबर हमलों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिये चलाए जा सकने वाले दुष्प्रचार अभियानों का मुकाबला करना है। गादेन फोद्रंग ट्रस्ट की स्थापना दलाई लामा ने 2011 में की थी। रिपोर्ट के अनुसार उनके अगले पुनर्जन्म की पहचान और मान्यता देने का अधिकार इसी ट्रस्ट के पास होगा।

