लुधियानाः उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर ब्यूटीशियन की चलती ट्रेन में GRP के जवान ने जमकर पिटाई की। दरअसल, महिला जननायक एक्सप्रेस में बिहार के मोतिहारी से लुधियाना लौट रही थी। महिला के साथ उसकी 3 बेटियां भी थीं। मारपीट में महिला का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गई। घटना 17 नवंबर की है, जिसका 1 मिनट 13 सेकेंड का वीडियो अब सामने आया है। आरोपी GRP जवान इस बात से भड़का कि महिला जनरल डिब्बे में सीट पर लेटी थी। वह अपने साथ आई सवारी को वहां बैठाना चाहता था। ब्यूटीशियन का कहना है कि उनकी 4 टिकटें बुक थीं और ये पूरी सीट उनकी थी। उसका BP भी लो था। ब्यूटीशियन का आरोप है कि उनकी बेटी को भी थप्पड़ मारा गया।
इसके बाद नजीबाबाद स्टेशन पर चेन पुलिंग कर उन्हें उतार लिया गया और रात भर थाने में बैठाकर झूठे बयान देने की धमकी दी गई। हंगामे के बीच उनका गहनों और नकदी से भरा बैग भी ट्रेन में ही छूट गया। लुधियाना पहुंचकर पीड़िता ने मेडिकल करवाया है और अब वह स्थानीय जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराएगी। रूबी ने बताया कि “मैं लुधियाना के हैबोवाल में ब्यूटी पार्लर चलाती हूं। 17 अक्टूबर को बिहार के मोतिहारी से अपनी तीन बेटियों के साथ जननायक एक्सप्रेस में आ रही थी। तबीयत खराब होने और बीपी लो रहने के कारण मैं जनरल डिब्बे की सीट पर लेटी थी और बेटियां पास बैठी थीं।”
“मुरादाबाद स्टेशन पर जीआरपी के दो पुलिसकर्मी दो महिलाओं के साथ चढ़े और सीट दिलाने को कहा। एक महिला के पास छोटा बच्चा था तो मेरी बेटी ने उसे सीट दे दी, लेकिन पुलिस वाला दूसरी महिला को भी सीट दिलाने पर अड़ गया।” “मैं सीट पर लेटी थी तो पुलिस वाले ने मेरा वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जब मैंने भी अपना मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू किया तो उसने मेरा फोन छीन लिया।”
“मेरी बड़ी बेटी ने जब पुलिस वाले से मोबाइल वापस मांगा तो उसने बेटी को थप्पड़ मार दिया। मैंने विरोध किया तो उसने मुझे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया और सिर पर किसी नुकीली चीज से वार किया, जिससे खून बहने लगा।” “पुलिस वाले ने मुझे नीचे गिरा दिया और मेरे ऊपर चढ़कर मारने लगा। बेटियों ने मुझे बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। बाद में कुछ यात्रियों ने बीच-बचाव कर हमें बचाया।” “नजीबाबाद स्टेशन पहुंचने पर पुलिस वालों ने चेन पुलिंग की और और पुलिस बुलाकर हमें उतार लिया। रात 7 से सुबह 4 बजे तक थाने में बैठाए रखा।
इस दौरान हमारा सामान और गहनों वाला बैग ट्रेन में ही छूट गया। छठ पूजा पर जाने के कारण मैं अपने सारे गहने ले गई थी।” “थाने में जीआरपी इंस्पेक्टर ने धमकी दी कि जैसा हम कहेंगे वैसा बयान दो, वरना पर्चा दर्ज कर अंदर कर देंगे। हम हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन हमारी शिकायत नहीं लिखी गई। उल्टा, वीडियो बनाने वाले यात्रियों पर ही पुलिस ने केस दर्ज कर दिया।” “मेरे पति की तबीयत खराब थी और हम इमरजेंसी में लौट रहे थे। बैग गायब होने से किराए के पैसे भी नहीं बचे थे। सुबह 4 बजे छूटने पर किसी तरह दूसरी ट्रेन से लुधियाना पहुंची। मैंने मेडिकल करवा लिया है और अब लुधियाना जीआरपी में रिपोर्ट लिखवाऊंगी।

