जीरकपुरः तरनतारन में पंजाब पुलिस के ASI इकबाल सिंह की हत्या के मामले में वांछित आरोपी का जीरकपुर में एनकाउंटर हो गया। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने जीरकपुर के KMG होटल में कार्रवाई करते हुए आरोपी अमनदीप उर्फ हैप्पी ब्राह्मण को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। इस दौरान आरोपी को एक गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए डेराबस्सी अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी KMG होटल की पहली मंजिल पर एक युवती के साथ ठहरा हुआ था। AGTF को आरोपी के होटल में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने होटल में पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जीरकपुर की एएसपी गजलप्रीत कौर, जीरकपुर थाना प्रभारी (SHO) और AGTF के डीएसपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों ने होटल परिसर में कार्रवाई की और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। एनकाउंटर के बाद होटल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। आरोपी के साथ मौजूद युवती के संबंध में भी पुलिस की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।
11 अक्टूबर को हुई थी ASI इकबाल सिंह की हत्या
11 अक्टूबर को तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं इलाके में ASI इकबाल सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। वह फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद शाम करीब 7:30 बजे वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी थीं। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
इस हत्याकांड के बाद गैंगस्टर डोनी बल की ओर से सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने की पोस्ट भी सामने आई थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों और उनके आपराधिक नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई थी।
अब इस मामले में वांछित आरोपी अमनदीप उर्फ हैप्पी ब्राह्मण का जीरकपुर के होटल में एनकाउंटर होना पुलिस की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। फिलहाल आरोपी का डेराबस्सी अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

