चंडीगढ़: अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बने हरियाणा पवेलियन में शुक्रवार को एक नई शुरुआत की गई। यहां पवेलियन में हरियाणवी चौपाल पर चर्चा कार्यक्रम की शुरूआत की गई। यह शुरुआत हरियाणा ट्रेड फेयर अथॉरिटी, नई दिल्ली की मुख्य प्रशासक ए. मोना श्रीनिवास ने की। उन्होंने हरियाणा पवेलियन में दो महिलाओं नीलम यादव व अनुषा मंत्री से चौपाल पर चर्चा की, जिनकी कहानियां हम सभी के लिए प्रेरणादायक हैं। कैसे दोनों महिलाओं ने मेहनत और लगन के साथ अपना व्यवसाय खड़ा किया।
हरियाणा के जिला गुरुग्राम के गांव ढाणी चिटर सैन, भोड़ा कलां की नीलम यादव ने बीमारी और आर्थिक तंगी के बीच हिम्मत न हारकर आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल कायम की है। उन्होंने न केवल खुद को स्वरोजगार से जोड़ा, बल्कि लगभग 800 से 900 ग्रामीण महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा। उन्होंने बताया कि शादी के बाद उनके पति की आँखों की रोशनी कम होने से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई, तो नीलम ने गाँव में छोटी-सी दुकान खोली। इसी दौरान उन्हें टीबी हो गया और लगभग तीन वर्षों तक इलाज चला। वर्ष 2017 में स्वयं सहायता समूह से जुड़कर नीलम ने गाँव-गाँव जाकर महिलाओं को प्रेरित किया और नए समूहों के गठन में अहम भूमिका निभाई।
गुरुग्राम की रहने वाली अनुषा मंत्री ने बताया कि कोविड में जब लोग जीने के लिए संघर्ष कर रहे थे तो उसने एक छोटी सी शुरुआत की और सुनहरा गोटा के नाम से शुरुआत की। उन्होंने बताया कि कोविड के कठिन दौर में सिर्फ़ एक फ़ोन कॉल से शुरू हुआ यह प्रयास आज 20 से अधिक परिवारों की आजीविका का आधार बन चुका है। ब्रांड की शुरुआत दुपट्टों से हुई, जिन्हें हैंडीक्राफ्ट श्रेणी में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उतारा गया। उन दिनों भी उम्मीद से बेहतर प्रतिक्रिया मिली।

