चंडीगढ़: केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हरियाणा में सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य है। सरस्वती का पुनर्जीवन देश के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना करतारपुर साहिब का गलियारा खुलना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की पुनर्स्थापना होना। ये तीनों घटनाएं भारत के उभरते सौभाग्य और गौरवशाली पुनर्जागरण के प्रतिबिंब हैं।
उन्होंने कहा कि जिस दिन सरस्वती नदी विलुप्त हुई, उसी दिन से भारत के सौभाग्य का सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़ना शुरू हो गया था। इसी प्रकार, जिस दिन भगवान श्रीराम का मंदिर ध्वस्त हुआ, वह भी भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव के लिए एक कठिन कालखंड था। लाखों लोगों के बलिदान और शताब्दियों के लंबे संघर्ष के बाद आज देश एक ऐसे यशस्वी दौर में पहुंचा है, जब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पुनर्स्थापित हुआ है और भारत का सौभाग्य सूर्य एक बार फिर उदित होकर पूरी दुनिया को अपनी आभा से आलोकित कर रहा है।
गजेंद्र सिंह शेखावत यमुनानगर जिले में शुक्रवार को आयोजित श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु घर में माथा टेका और हवन यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन श्री आदिबद्री मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 187 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं, जहां आमजन को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि कपाल मोचन जैसी पावन धरती से हमें जल संरक्षण, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों के लिए संकल्पबद्ध होने तथा अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्स्थापित और पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।

