लुधियानाः फिरोजपुर रोड स्थित वेरका मिल्क प्लांट की लाइटों के पास रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग में शरद घायल हो गया। 37 वर्षीय क्लाउड किचन संचालक शरद को डीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं हमला करने के बाद हमलावर चंडीगढ़ की तरफ भागे और उन्होंने अपनी कार खरड़ में छोड़ दी। पुलिस ने हमलावरों की कार खरड़ से बरामद कर ली है और सभी हमलावरों की पहचान कर ली।
पुलिस का दावा है कि जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एडीसीपी डी साई प्रकाश का कहना है कि यह रोड रेज का मामला है और आरोपी शराब के नशे में थे। तीन कारों की मामूली टक्कर के बाद शरद ने वीडियो बनाना शुरू किया तो इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान i-20 कार सवार 5 युवकों ने शरद पर सीधी गोली चला दी। गोली शरद की नाभि से ठीक ऊपर पेट में लगी और पीठ के रास्ते आर-पार निकल गई, जिससे काफी खून बह गया।
डीएमसी में डॉक्टरों ने देर रात उसकी सर्जरी कर दी। वारदात के वक्त शरद अपनी हुंडई वेन्यू कार में पत्नी और बुजुर्ग मां के साथ घर लौट रहे थे। परिवार के मुताबिक, i-20 सवार युवकों ने महिलाओं की मौजूदगी में न केवल गाली-गलौज की, बल्कि वीडियो बनाने पर शरद पर फायरिंग कर दी। आरोपी सबूत मिटाने के इरादे से शरद का मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए। अब पुलिस की विशेष टीमें वेरका चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

