पंचकूला: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पंचकूला में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के एक सुपरीटेंडेंट लवकुश कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सीबीआई टीम ने शिकायत के बाद आरोपी पर ट्रैप लगाकर उसे काबू किया। साथ ही आरोपी के कब्जे से रिश्वत के दस लाख रूपये बरामद किए. फिलहाल सीबीआई मामले की आगामी पड़ताल में जुटी है।
सीबीआई ने प्राप्त शिकायत के आधार पर गुरुवार को पहले आरोपी सुपरिटेंडेंट लवकुश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोप हैं कि आरोपी ने एक निजी फर्म के पार्टनर (शिकायतकर्ता) से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। ये रिश्वत फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी की कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने के एवज मांगी। इस कार्यवाही में भारी जुर्माना न लगाने और नए डिमांड नोटिस जारी न करना शामिल था। इसके बाद आरोपी ने रिश्वत की रकम घटाकर 20 लाख रुपये कर दी। इसमें से पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये पहले दिए जाने थे।
सीबीआई ने मामले की जांच की तो आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। लेकिन साथ ही यह भी पता चला कि आरोपी ने रिश्वत की रकम 20 लाख रूपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी। लेकिन वह पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये लेने पर सहमत हो गया। सीबीआई टीम पंचकूला में ट्रैप लगाकर पूरी तैयारी में रही। इसके बाद सीबीआई ने आरोपी सुपरिटेंडेंट को मामले के शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। फिलहाल जांच टीम आगामी पड़ताल में जुटी है और आरोपी के आवास पर भी जांच की जा सकती है।

