शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक समारोह में धर्मशाला मैराथन 2.0 का आधिकारिक एंथम लॉंच किया। उन्होंने मैराथन की जर्सी और मेडल का अनावरण भी किया। यह मैराथन कांगड़ा वैली कार्निवल-2026 के तहत आयोजित की जाएगी। धर्मशाला मैराथन के दूसरे संस्करण के लिए अब तक 850 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। आयोजकों का लक्ष्य 20 दिसंबर तक देशभर से 2,000 से अधिक धावकों को इस आयोजन से जोड़ना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला मैराथन 2.0 का आयोजन फिटनेस, खेल संस्कृति, पर्यटन को बढ़ावा देने और चिट्टे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सुक्खू ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार 2,600 करोड़ रुपये व्यय कर कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार का कार्य कर रही है। जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट के माध्यम से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए हेली-टैक्सी सेवाएं शुरू की जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण राज्य के रूप में रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे ‘वाटर बाउल’ और ‘लंग्स ऑफ नार्थ इंडिया’ के नाम से भी जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम धर्मशाला मैराथन के रूट्स के लिए एआईएमएस प्रमाणन प्राप्त करने की दिशा में भी प्रयासरत है। इससे आयोजन की विश्वसनीयता बढ़ेगी और इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने में मदद मिलेगी।

