शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के टांडा में प्राकृतिक खेती किसान सम्मेलन में किसानों से सीधा संवाद किया और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उनके सुझाव आमंत्रित किए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने मुख्यमंत्री से प्राकृतिक खेती के अनुभव साझा किए और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की सराहना की। किसानों ने कहा कि प्राकृतिक खेती को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से जोड़ने की पहल से उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है और खेती के प्रति उनका रूझान बढ़ा है।
प्रागपुर से आए एक किसान ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों को एमएसपी मिलने से अब उनकी उपज का पैसा सीधे बैंक खाते में आ रहा है। उन्होंने भावुकता से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री जी, अब पता चला कि जमीन भी सोना उगलती है।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पहल से किसानों को खेती में मेहनत का वास्तविक लाभ मिल रहा है।
लंबागांव के पुनीचंद राणा ने बताया कि पहले गांव में 70 से 80 प्रतिशत जमीन खाली पड़ी रहती थी और वहां झाड़ियां उग आई थीं। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलने के बाद अब किसान हल्दी की खेती कर रहे हैं और इसे बीज के रूप में बेचकर अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकतिक खेती के उत्पादों को एमएसपी मिलने से किसान प्रोत्साहित हुए हैं और अब दोबारा खेती की ओर लौट रहे हैं।
धर्मशाला की गीता देवी ने प्राकृतिक खेती से मिल रहे लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पास अपनी जमीन नहीं है, लेकिन वह लीज पर जमीन लेकर प्राकृतिक खेती कर रही हैं। उन्हें देखकर आसपास के लोग भी प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान मेहनत कर रहे हैं और सरकार उनकी उपज का उचित मूल्य देकर उन्हें प्रोत्साहित कर रही है।

