शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक विकास के पथ पर प्रतिबद्धता के साथ अग्रसर है। राज्यपाल ने वृंदावन में श्री दयाराम बद्री केदार उत्तराखंड आश्रम का लोकार्पण करने के उपरांत आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शक सिद्धांत ‘विरासत के साथ विकास’ एक ऐसे आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की परिकल्पना को दर्शाता है, जो अपनी सभ्यतागत जड़ों से जुड़ा रहे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। इसके तहत आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम केवल एक अधोसंरचना नहीं है, बल्कि यह आस्था, संस्कार, सेवा और मानवता का जीवंत केंद्र होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान आध्यात्मिक शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।

राज्यपाल ने गौ-संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आश्रम में गुरुकुल शिक्षा, संस्कृत अध्ययन, आध्यात्मिक प्रवचनों तथा पारंपरिक भारतीय ज्ञान परंपराओं को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थानों को सामाजिक समरसता, करुणा और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देना चाहिए।

