चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सीएम विंडो एवं जन संवाद पर आई समस्याओं की राज्य स्तर पर बैठक आयोजित कर जल्द ही समीक्षा करेंगे। इसलिए संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी इन समस्याओं का निपटान समय पर सुनिश्चित करें।
यह निर्देश मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी ने माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बुधवार को चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में सीएम विंडो, जन संवाद समस्याओं की समीक्षा करते हुए दिये। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान, पारदर्शी प्रशासन और जवाबदेह कार्यप्रणाली हमारी प्रतिबद्धता है।
भोपाल सिंह खदरी ने बागवानी, चुनाव, मुद्रण एवं लेखन विभाग के अलावा श्रम,आबकारी एवं कराधान तथा मत्स्य विभाग की सीएम विंडो एवं जन संवाद समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि आबकारी एवं कराधान विभाग के नोडल अधिकारी चार साल से लंबित समस्याओं की रिपोर्ट एक माह में प्रस्तुत करें। इसके अलावा निपटाई गई 12 समस्याओं की एटीआर भी जल्द अपलोड करें।

