कैरानाः कैराना में एक शादीशुदा मुस्लिम युवक पर हिंदू छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर बुर्का पहनाकर होटल ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। हिंदू संगठन के लोगों और योगी डॉ. गौतमनाथ ने उन्हें पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था। युवती के पिता ने आरोपित के खिलाफ बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। आरोपित तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। अब पुलिस होटल की भी जांच करेगी। हालांकि होटल का नाम तहरीर में नहीं दिया गया है।
कैराना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने सोमवार रात पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 18 वर्षीय बेटी बीए की छात्रा है। करीब एक साल पहले उसकी पहचान कैराना के मुहल्ला आर्यपुरी निवासी जैकब से हुई थी। आरोप है कि मुस्लिम युवक ने छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। सोमवार को वह छात्रा को कांधला अड्डे से बहलाकर अपनी कार में बैठाकर पानीपत रोड स्थित एक होटल में ले गया। युवक ने पहचान छिपाने के लिए छात्रा को बुर्का पहना रखा था, जिसके साथ होटल में दुष्कर्म किया।
होटल के बाहर से योगी गौतमनाथ और हिंदू संगठन के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सोमवार रात ही पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराकर छात्रा को परिवार को सौंप दिया था और आरोपित जैकब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपित को जेल भेज दिया गया है। अब पुलिस होटल की भी जांच करेगी। सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि हिंदू मुस्लिम होने के बावजूद कमरा किस आधार पर दे दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपित तीन बच्चों का पिता है।
