गाजियाबादः शालीमार गार्डन की 80 फुटा रोड पर बुधवार सुबह स्नेचिंग की घटना सामने आई है। जहां बाइक सवार 2 युवकों ने अस्पताल जा रहे डॉक्टर का मोबाइल फोन छीन लिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब पौने नौ बजे हुई। दरअसल, घटना के दौरान डॉक्टर महेंद्र फोन पर बात करते हुए पैदल ही अस्पताल जा रहे थे।
इस दौरान बाइक सवार दोनों युवक उनके पास पहुंचे और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। हालांकि घटना के दौरान डॉक्टर ने शोर मचाया, लेकिन युवक वहां से निकल चुके थे। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में बाइक सवार युवकों की गतिविधियां दिखने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और मोबाइल छीनने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
